आजकल ज्यादातर लोग स्मार्टफोन या दूसरे डिवाइस चार्ज करने के बाद, चार्जर को प्लग में लगा हुआ ही छोड़ देते हैं। डिवाइस तो पूरा चार्ज हो जाता है, लेकिन चार्जर वहीं लगा रहता है। यह आदत बहुत आम है, और सुनने में भले ही नॉर्मल लगे, लेकिन यह छोटी सी आदत कभी भी खतरे की घंटी बन सकती है।
अगर आप चार्जर को प्लग में लगा हुआ छोड़ देते हैं, तो वह बिजली खींचता रहता है। इसे ‘स्टैंडबाय पावर’ कहते हैं। इसका मतलब है कि चार्जर चाहे किसी डिवाइस से जुड़ा हो या नहीं, वह थोड़ी-बहुत बिजली लेता ही रहता है। इससे काफी बिजली फालतू में खर्च होती रहती है। चार्जर को लंबे समय तक प्लग में लगा रखने से ओवरहीटिंग, सॉकेट का जलना और शॉर्ट सर्किट होने जैसी घटनाएँ हो सकती हैं।
आज हम आपको इस आर्टिकल में बताने वाले हैं कि चार्जर को प्लग में क्यों नहीं छोड़ना चाहिए और ऐसा करने से क्या-क्या परेशानियां हो सकती हैं।
अगर आप डिवाइस को चार्ज करने के बाद चार्जर को प्लग में लगा हुआ छोड़ देते हैं, तो वह ओवरहीट हो सकता है। यह खासकर तब होता है जब चार्जर ओरिजिनल न हो। इसके अलावा, प्लग में लगे हुए चार्जर के अंदरूनी हिस्सों में लगातार गर्मी पहुंचती रहती है, जिससे उसके पुर्जे खराब हो सकते हैं और आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। कभी-कभी वोल्टेज बढ़ने पर भी चार्जर में आग लग सकती है। इसलिए, डिवाइस चार्ज करने के बाद आपको चार्जर को चार्जिंग पाइंट से निकाल लेना चाहिए।
बिजली की बर्बादी
अगर आपकी डिवाइस पूरी चार्ज हो चुकी है और तब भी चार्जर प्लग में लगा हुआ है, तो थोड़ी-बहुत बिजली उसमें जाती रहती है। ऐसा करने से बिजली का बिल बढ़ सकता है और इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। इसलिए चार्जर इस्तेमाल करने के बाद उसे प्लग से निकाल देना चाहिए।
चार्जर का जल्दी खराब होना
जब चार्जर प्लग से लगातार जुड़ा रहता है, तो उसके अंदर के हिस्से गर्मी की वजह से खराब होने लगते हैं। इससे चार्जर के काम करने की कैपिसिटी कमजोर हो जाती है और वह डिवाइस को अच्छी तरह से चार्ज नहीं कर पाता। अगर आप चार्जर को प्लग से निकालकर रखने की आदत डाल लेते हैं, तो वह जल्दी खराब नहीं होगा।
जब आप चार्जर की तार को लटकते हुए और प्लग में लगा हुआ छोड़ देते हैं, तो बच्चे या पालतू जानवर उसकी तरफ़ खिंच सकते हैं। वे इसे चबा सकते हैं जिससे उन्हें करंट लग सकता है। साथ ही, लटकी हुई कॉर्ड किसी को ठोकर लगने का कारण बन सकती है, जिससे गिरने या चोट लगने का खतरा रहता है। इसलिए चार्जर का इस्तेमाल न हो तो उसे प्लग से निकाल देना चाहिए।
हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।